रेल पुलिस ने एक साथ बरामद किया 150 मोबाइल, जिसकी अनुमानित किमत करीब ₹22.5 लाख
पटना रेल एसपी के निर्देश पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त करवाई में अंतरराज्यीय गिरोह के कई चोर भी गिरफ्तार
निरंजन कुमार सिंह की रिपोर्ट//रेल डेस्क न्यूज-रेल पुलिस अधीक्षक,(पटना) अमृतेन्दु शेखर ठाकुर के दिशा निर्देश पर पटना जंक्शन पर रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने एक संयुक्त अभियान में मोबाइल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से चोरी के 150 स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 22.5 लाख रुपये आंकी गई है।
26 मई, 2025 को "ऑपरेशन क्लीन" के तहत रेल परिक्षेत्र में मोबाइल चोरी और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पटना जंक्शन पर एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान, प्लेटफार्म संख्या 02/03 के पश्चिमी छोर के पास आठ-नौ व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पाए गए। पुलिस बल को देखकर वे तेजी से भागने लगे, जिस पर पुलिस को संदेह हुआ और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 150 स्क्रीन टच मोबाइल फोन पाए गए। बरामद मोबाइलों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने ये फोन ट्रेनों में यात्रियों के पास से चुराए थे।इस संबंध में राजकीय रेल पुलिस, पटना जंक्शन में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल कुमार उर्फ राजा (पटना) ,मंगल सिंह (पुरुलिया, पश्चिम बंगाल),मो. अमजद (सीतामढ़ी),मिथुन लाल (पटना),छोटू दास (बेगूसराय), हिफाजत करीम (दरभंगा),अमित कुमार (पटना),अनीष पाण्डेय (गया),रूपेश कुमार यादव (सीतामढ़ी) शामिल है।गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके विरुद्ध विभिन्न थानों में पहले भी कई मामले दर्ज हैं।।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
