भारत का प्रचंड पलटवार--पाकिस्तान की दुस्साहस भरी कोशिशें हुईं धुआं, सैन्य ठिकाने राख

भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है और पाकिस्तान की किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई का माकूल जवाब देने में सक्षम है।

भारत का प्रचंड पलटवार--पाकिस्तान की दुस्साहस भरी कोशिशें हुईं धुआं, सैन्य ठिकाने राख

प्रिया सिंह के साथ गौरव कुमार की रिपोर्ट//पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की कायराना हरकतों का भारत ने करारा जवाब दिया है। 07-08 मई की रात को भारतीय सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने की नापाक कोशिश करने वाले पाकिस्तान को आज सुबह भारतीय सशस्त्र बलों ने ऐसा सबक सिखाया कि दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम और रडार पल भर में मटियामेट हो गए। रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भारत ने पाकिस्तान की आक्रामक कोशिशों को न केवल विफल किया है, बल्कि उसी तीव्रता के साथ दुश्मन के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर आनुपातिक प्रतिक्रिया दी है। नियंत्रण रेखा पर भी पाकिस्तान की अकारण गोलाबारी का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है, जबकि इस नापाक हरकत में सोलह निर्दोष नागरिकों की जान चली गई। भारत ने साफ कर दिया है कि यदि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता, तो उसे और भी गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

भारत ने स्पष्ट रूप से कहा था कि वह पाकिस्तान की किसी भी आक्रामक कार्रवाई का माकूल जवाब देगा। 07 मई को ऑपरेशन सिंदूर पर प्रेस ब्रीफिंग के दौरान, भारत ने अपनी प्रतिक्रिया को केंद्रित और मापा हुआ बताया था, जिसमें पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना न बनाने की बात कही गई थी। हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया था कि भारत में सैन्य ठिकानों पर किसी भी हमले का उचित प्रत्युत्तर दिया जाएगा।

 

पाकिस्तानी हमले का प्रयास विफल।

 

07-08 मई की रात को पाकिस्तान ने उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने का प्रयास किया। इन ठिकानों में अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज शामिल थे।पाकिस्तान के इन हमलों को भारत के एकीकृत काउंटर यूएएस ग्रिड और एयर डिफेंस सिस्टम ने सफलतापूर्वक बेअसर कर दिया। हमलों के मलबे विभिन्न स्थानों से बरामद किए गए हैं, जो पाकिस्तानी कार्रवाई की पुष्टि करते हैं।

 

भारत का जवाबी हमला।

 

आज सुबह भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में कई स्थानों पर एयर डिफेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाया। भारत ने उसी क्षेत्र में और उसी तीव्रता के साथ जवाब दिया है, जैसा कि पाकिस्तान ने करने की कोशिश की थी। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, लाहौर में एक पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया गया है।

 

नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी। 

 

पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में नियंत्रण रेखा के पार मोर्टार और भारी आर्टिलरी से अकारण गोलाबारी की तीव्रता बढ़ा दी है। पाकिस्तानी गोलाबारी के कारण तीन महिलाओं और पांच बच्चों सहित सोलह निर्दोष लोगों की जान चली गई है। इसके जवाब में, भारत को पाकिस्तान की ओर से मोर्टार और आर्टिलरी की गोलीबारी को रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

 

भारतीय सशस्त्र बलों ने गैर-वृद्धि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है, लेकिन यह इस शर्त पर निर्भर करता है कि पाकिस्तानी सेना भी इसका सम्मान करे। भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है और पाकिस्तान की किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई का माकूल जवाब देने में सक्षम है।


Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
1
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0