पटना की सड़कों पर पोस्टर वॉर,JDU की बंपर जीत के बाद पीके पर संन्यास' का तंज, प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द
एक टीवी शो के दौरान उन्होंने दो बार दोहराया था कि अगर JDU की 25 से ज्यादा सीट आईं तो वह राजनीति छोड़ देंगे।
राकेश कुमार के साथ गौरव कुमार की रिपोर्ट//पटना -- बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने न केवल महागठबंधन को ज़मीन दिखाई है, बल्कि राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर (पीके) के राजनीतिक भविष्य पर भी एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) की अप्रत्याशित रूप से 85 सीट जीतने के बाद, पटना की सड़कों पर लगे एक पोस्टर ने पीके के 'संन्यास' के दावे को चर्चा का विषय बना दिया है।
नारी शक्ति संगठन का पोस्टर से सीधा तंज
राजधानी पटना में 'नारी शक्ति संगठन' द्वारा लगाए गए एक पोस्टर में सीधा तंज किया गया है। पोस्टर में लिखा है:
> "जनता दल यूनाइटेड को 25 सीट से ज्यादा मिलने के बाद जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने संन्यास ले लिया है।"
यह पोस्टर इसलिए चर्चा में है क्योंकि चुनाव से पहले पीके लगातार यह दावा कर रहे थे कि JDU को 25 सीटों से भी कम मिलेंगी, और अगर उनकी यह भविष्यवाणी गलत साबित हुई तो वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। JDU ने 85 सीटें जीतकर पीके के दावे को सिरे से खारिज कर दिया।
पीके के सारे दावे हुए फेल: सीएम नीतीश की ताजपोशी की तैयारी
प्रशांत किशोर ने चुनाव पूर्व कई बार जोर देकर कहा था:
लिखकर ले लीजिए किसी भी हालत में NDA की सरकार नहीं आने वाली है।"
"नवंबर के बाद नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। बिहार में नया मुख्यमंत्री आएगा।"
एक टीवी शो के दौरान उन्होंने दो बार दोहराया था कि अगर JDU की 25 से ज्यादा सीट आईं तो वह राजनीति छोड़ देंगे।
अब, एनडीए प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में है और नीतीश कुमार की ताजपोशी की तैयारी चल रही है। पीके का हर दावा बुरी तरह फेल साबित हुआ है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस अनिश्चित काल के लिए रद्द: सदमे में 'जन सुराज'?
चुनावी नतीजों के बाद, आज प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की घोषणा की थी, लेकिन उनकी पार्टी ने तत्काल प्रभाव से इसे अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने का ऐलान कर दिया। प्रेस रिलीज़ में कहा गया है कि आगे की रणनीति तैयार करने के बाद ही वह जनता के बीच अपनी बात रखेंगे। पीके का अचानक चुप्पी साधना और प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द करना इस बात की ओर इशारा करता है कि चुनावी नतीजे उनके लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं हैं।
जन सुराज' का दयनीय प्रदर्शन
पीके के लिए सबसे बड़ा झटका उनकी पार्टी जन सुराज का प्रदर्शन रहा। जिस पार्टी को 'गेम चेंजर' और 'त्रिकोणीय मुकाबले का दावेदार' बताया जा रहा था, वह बिहार की 243 सीटों में से एक भी सीट पर अपना प्रभाव नहीं दिखा पाई. पीके के सारे उम्मीदवार बुरी तरह पराजित हुए. राजधानी पटना की कुम्हरार सीट, जिस पर जीत का सबसे पुरजोर दावा किया गया था, वहाँ भी जन सुराज पार्टी तीसरे नंबर पर रही।
अब सबकी निगाहें पीके के अगले कदम पर
पोस्टर और रद्द हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस ने अब पूरे बिहारवासी को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या पीके अपने कहे अनुसार राजनीति से संन्यास लेंगे, या फिर किसी नई रणनीति के साथ बिहार की राजनीति में अपनी यात्रा जारी रखेंगे।
चूंकि उनका हर दावा ध्वस्त हो चुका है, इसलिए उनका अगला कदम न केवल उनकी पार्टी के लिए, बल्कि बिहार की राजनीतिक पार्टियों के लिए भी उत्सुकता का विषय बन गया है।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
