पटना पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दुलारचंद यादव का हुआ पोस्टमार्टम, गोली हुई है आरपार ,अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे परिजन
हजारों की संख्या में शामिल समर्थकों के चेहरे पर नजर आ रहा था गम और आक्रोश, मामले में तीन एफआईआर दर्ज, दो की गिरफ्तारी, शेष के गिरफ्तारी की तैयारी
प्रिया सिंह के साथ अभिरंजन कुमार की विशेष रिपोर्ट//पटना-जिला अंतर्गत मोकामा में जनसुराज पार्टी के समर्थन में जनसंपर्क के क्रम में दुलारचंद यादव की हुई हत्या के पश्चात पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में आज बाढ़ सदर अस्पताल में तीन चिकित्सकों के मेडिकल टीम द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। ज्ञात हो कि चुनावी जनसंपर्क के क्रम में दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी की घटना घटित हुई। जिसमे दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी। इसके बाद जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी एवं मृतक के परिजनों ने विभिन्न माध्यमों से बयान जारी करते हुए अनंत सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें इस घटना का जिम्मेवार ठहराया।
बाढ़ सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ अजय कुमार से मिली जानकारी के अनुसार उनके शरीर पर पाए गए जख्मों को देखते हुए X-ray भी किया गया है। जिसका चिकित्सकों की टीम द्वारा गहनता से अध्ययन किया जा रहा है। पैर में उंगली के पास एक गोली जैसा निशान पाया गया है। जो आरपार हो गया प्रतीत हो रहा है।जिसे भी देखा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है कि आखिर उनकी मौत किन कारणों से हुई है।
पोस्टमार्टम के उपरान्त शव परिजनों को सौंप दिया गया। जिसे बाढ़ शहर स्थित आवास पर ले जाया गया है। जहां से अंतिम संस्कार के लिए सती स्थान ले जाया जाएगा। पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के क्रम में शव वाहन पर मोकामा से राजद की प्रत्याशी वीणा देवी भी नजर आई। जिन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। राजद नेता सूरजभान सिंह ने कहा कि इस तरह की घटना से देश की बदनामी हो रही है। चुनाव में प्रत्याशियों के साथ ही सभी की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह ने कहा कि घटना से पहले ही मेरी गाड़ियों का काफिला आगे निकल चुका था। करीब दस गाड़ियां पीछे रह गई थी। जिसे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरा चुनाव खराब करने के उद्देश्य से विरोधियों द्वारा साजिशन उक्त घटना को अंजाम दिया है। जिसमें मेरे कई समर्थक जख्मी हुए हैं।
पटना ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि इस प्रकरण में तीन एफआईआर दर्ज कराई गई है। पहला मृतक के पोता द्वारा कराया गया है। जिसमें अनंत सिंह समेत पांच लोगों को नामित किया गया है। दूसरे एफआईआर में छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। जबकि तीसरा मामला पुलिस द्वारा अज्ञात लोगों के विरुद्ध दर्ज कराया गया है। जिसमें दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी तैयारी की जा रही है। पूरे घटनाक्रम पर पुलिस नजर बनाए हुए है। फिलहाल स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
