गया में गैंगवार के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, लोडेड पिस्टल के साथ धीरज उर्फ गब्बर गिरफ्तार
पूछताछ में धीरज उर्फ गब्बर ने स्वीकार किया कि पहले उत्तम कुमार और उसके साथियों ने उन पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में उनकी ओर से भी फायरिंग की गई।
आशीष कुमार की रिपोर्ट//गया- डेल्हा थाना क्षेत्र के खरखुरा संगम चौक के पास दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग की घटना के बाद गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले की जानकारी टाउन डीएसपी 2 धर्मेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो पक्षों के बीच एक-एक राउंड फायरिंग हुई है। एक पक्ष में उत्तम कुमार और लक्की यादव, जबकि दूसरे पक्ष में बॉबी उर्फ बादशाह, धीरज उर्फ गब्बर और लड्डू उर्फ लक्की शामिल थे। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी धर्मेंद्र भारती के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की गई।
रातभर चली कार्रवाई के दौरान डेल्हा थाना पुलिस ने धीरज उर्फ गब्बर को एक लोडेड पिस्टल, 7.65 एमएम की तीन जिंदा गोलियां तथा एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में धीरज उर्फ गब्बर ने स्वीकार किया कि पहले उत्तम कुमार और उसके साथियों ने उन पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में उनकी ओर से भी फायरिंग की गई। पुलिस के अनुसार, धीरज उर्फ गब्बर सात दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। वहीं, बॉबी उर्फ बादशाह और उत्तम कुमार के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
