विजिलेंस का बड़ा एक्शन- केस निबटाने की एवज में ₹9 हजार घूस लेते चौकीदार रंगे हाथ गिरफ्तार, आई ओ के इशारे पर ले रहा था रिश्वत
गया जी से आशीष कुमार की रिपोर्ट-- जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में निगरानी की टीम ने जाल बिछाकर एक चौकीदार को 9,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चौकीदार की पहचान मनीष कुमार के रूप में की गई है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, क्योंकि इस घूसकांड के तार सीधे थाने के एक सहायक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) से जुड़े हुए हैं।
केस से नाम हटाने के एवज में मांगी थी घूस
निगरानी विभाग के डीएसपी समीर चंद्र झा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बेलागंज थाने में दर्ज कांड संख्या 689/23 (दिनांक 19/10/2023) एक जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है। इस मामले में परिवादी रविंद्र यादव ग्राम पनारी के बेटे का नाम केस से हटाने के एवज में 12,000 रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। इसमें से 3,000 पहले ही लिए जा चुके थे।
बाकी के 9,000 की रकम देने के लिए परिवादी ने इसकी लिखित शिकायत पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की थी। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें घूस मांगे जाने का आरोप पूरी तरह सही पाया गया।
अस्पताल परिसर में बिछाया गया जाल
आरोप की पुष्टि होने के बाद निगरानी की एक विशेष टीम ने बेलागंज थाना के समीप स्थित अस्पताल परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही परिवादी रविंद्र यादव ने चौकीदार मनीष कुमार को केमिकल लगे 9,000 दिए। वैसे ही घात लगाए बैठी विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। अचानक हुई इस छापेमारी से अस्पताल व थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
अनुसंधानकर्ता ASI अशोक कुमार के इशारे पर हो रहा था खेल
निगरानी डीएसपी समीर चंद्र झा ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि पकड़ा गया चौकीदार मनीष कुमार तो महज एक मोहरा था। दरअसल, इस जमीन विवाद मामले के अनुसंधानकर्ता बेलागंज थाने के एएसआई अशोक कुमार हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि एएसआई अशोक कुमार के कहने और उनके इशारे पर ही चौकीदार द्वारा पैसे का यह लेन-देन किया जा रहा था।
डीएसपी समीर चंद झा जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ है कि मामले के आईओ एएसआई अशोक कुमार के कहने पर ही चौकीदार पैसे ले रहा था। इस पूरे मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी चौकीदार को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाया जा रहा है। इस मामले में संलिप्त अन्य दोषियों के खिलाफ भी विधि सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
