गया जिले में जंगल से बरामद हुआ 5 किलो का आईईडी , सुरक्षा बलों ने किया डिफ्यूज
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आशंका है कि अज्ञात नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने और जान-माल का नुकसान पहुंचाने की मंशा से इस आईईडी को जमीन के नीचे दबाकर रखा था।
आशीष कुमार की रिपोर्ट//गया-- जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। CRPF की 215 वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस के संयुक्त सर्च अभियान के दौरान जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया एक 5 किलो का शक्तिशाली आईईडी बरामद हुआ। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
गया जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को CRPF की डी/215 बटालियन ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त "SADO" अभियान चलाया। यह अभियान कैंप नागोबार से महादेव स्थान होते हुए असुरैन डैम क्षेत्र के बसरदाहा पहाड़ी तक चलाया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान डीएसएमडी से बीप की आवाज आने पर जवानों ने संदिग्ध स्थान की खुदाई की।
खुदाई में करीब 4 से 5 किलोग्राम वजनी प्रेशर और कमांड मैकेनिज्म आधारित एक आईईडी बरामद हुआ। इसके बाद CRPF की बम निरोधक टीम ने मौके पर ही सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आशंका है कि अज्ञात नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने और जान-माल का नुकसान पहुंचाने की मंशा से इस आईईडी को जमीन के नीचे दबाकर रखा था। हालांकि सुरक्षाबलों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। इलाके में सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा व्यवस्था को और तेज कर दिया गया है।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
