उच्च विद्युत प्रवाह तार की चपेट में डीजे के आते ही शादी की खुशी चीख-पुकार में तब्दील, 7 बच्चे झुलसे
गांव वालों का कहना है कि आंधी पानी मे बिजली का तार अक्सर झूल जाता है। बिजली विभाग को कई बार इस बात की शिकायत की लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उस तार से गांव वालों को लाभ नहीं है। फिर भी गांव से तार नहीं हटाया जा रहा है।
आशीष कुमार की रिपोर्ट//गया जी- जिला अंतर्गत मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के नीमा गांव में बुधवार की शाम शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। गांव में बर के पेड़ की पूजा की रस्म चल रही थी। डीजे बज रहा था। बच्चे और युवक गानों की धुन पर झूम रहे थे। महिलाएं मांगलिक गीत गा रही थीं। इसी बीच एक चूक ने पूरे माहौल को चीख-पुकार में बदल दिया। डीजे वाहन का ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आ गया। देखते ही देखते पूरे वाहन में करंट दौड़ गया। डीजे पर सवार बच्चे इसकी चपेट में आ गए। हादसे में सात बच्चे झुलस गए।
घटना अवधेश कुमार की शादी समारोह के दौरान हुई। परिजनों के मुताबिक, बार के पेड़ की पूजाई की रस्म पूरी होने के बाद डीजे घर से कुछ ही दूरी आगे बढ़ा था। तभी ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से वाहन टच कर गया। जैसे ही करंट फैला, डीजे गाड़ी पर बैठे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। किसी को कुछ समझ नहीं आया। बच्चे चीखने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीण जान बचाने के लिए दौड़ पड़े।
गांव वालों ने किसी तरह डीजे वाहन को आगे बढ़ाया, तब जाकर बच्चों को करंट की पकड़ से बाहर निकाला जा सका। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजन घायल बच्चों को उठाकर आनन-फानन में अस्पताल लेकर भागे।
घायलों में पीहू कुमारी (11 वर्ष), अनुराग कुमार (7 वर्ष), दृश्यम (7 वर्ष), काजल (6 वर्ष) समेत अन्य शामिल हैं। शांति देवी (22 वर्ष) भी गंभीर रूप से झुलस गई हैं। बताया गया कि उनकी पीठ और कमर का हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
सात घायलों में से पांच का इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। दो बच्चों को परिजन निजी नर्सिंग होम लेकर गए हैं। अस्पताल में भर्ती बच्चों की हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
हादसे के बाद डीजे चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। शादी वाले घर की खुशियां पलभर में दर्द में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर थोड़ी और देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। अब पूरे गांव में एक ही चर्चा है—शादी की रात यह दर्द शायद ही कोई भूल पाए।
गांव वालों का कहना है कि आंधी पानी मे बिजली का तार अक्सर झूल जाता है। बिजली विभाग को कई बार इस बात की शिकायत की लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उस तार से गांव वालों को लाभ नहीं है। फिर भी गांव से तार नहीं हटाया जा रहा है।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
