तिलक समारोह के भोज के बाद बिगड़ी तबीयत, 33 लोग अस्पताल में भर्ती फूड प्वाइजनिंग की आशंका, गांव में दहशत का माहौल
चिकित्सकों के अनुसार दूषित भोजन खाने के कारण मरीजों में डिहाइड्रेशन की समस्या उत्पन्न हुई है। हालांकि समय पर इलाज मिलने से सभी की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आशीष कुमार की रिपोर्ट//गया जी- गुरुआ प्रखंड की मंडा पंचायत अंतर्गत धाना बीघा गांव में एक तिलक समारोह भोज खाने के बाद दर्जनों लोग अचानक बीमार पड़ गए। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार की शिकायत होने पर आनन-फानन में 33 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुआ में भर्ती कराया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात धाना बीघा गांव निवासी रमेश राम के पुत्र राहुल राज का तिलक समारोह भगवती गांव से आया था। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और आमंत्रित लोग शामिल हुए थे। सभी लोगों ने तिलक समारोह में भोज ग्रहण किया। लेकिन भोजन करने के करीब 24 घंटे बाद एक-एक कर लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन और ग्रामीण तत्काल सभी मरीजों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुआ लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में सभी मरीजों का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया मामले को फूड प्वाइजनिंग से जोड़कर देखा है। चिकित्सकों के अनुसार दूषित भोजन खाने के कारण मरीजों में डिहाइड्रेशन की समस्या उत्पन्न हुई है। हालांकि समय पर इलाज मिलने से सभी की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
