महज ₹2 के सिंदूर से सात जन्मों का साथ- सूर्य मंदिर में प्रेमी युगल ने रचाई शादी, सैकड़ों लोग बने बाराती
इस दौरान युवक के माता-पिता भी मंदिर में मौजूद रहे और दोनों को अपना आशीर्वाद दिया। हालांकि युवती के परिजन इस विवाह के पक्ष में नहीं थे और उन्होंने शादी से इनकार किया।
अरवल से विश्वनाथ प्रताप यादव- जिले के प्रसिद्ध मोथा सूर्य मंदिर आजकल प्रेमी युगल के लिए शादी का मंडप बनता जा रहा है।ऐसा ही वाक्या फिर एक बार देखने को मिली जब एक प्रेमी युगल ने पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह रचा लिया। मंदिर परिसर में हुई इस शादी की चर्चा पूरे इलाके में होती रही।
जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंच गए और शादी के साक्षी बने। शिव चर्चा में शामिल महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बाराती बनकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।
बताया जाता है कि युवक गया जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र के मीराबीघा गांव निवासी पुण्यदेव पासवान का 22 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार पासवान और युवती गया जिले के ही बराचट्टी थाना के भेलवा गांव निवासी ममता कुमारी है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। परिजनों की नाराजगी और मिलने-जुलने में हो रही परेशानियों के कारण दोनों ने स्वयं घर से भागकर शादी करने का फैसला लिया।
मंदिर प्रशासन की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की सभी रस्में पूरी कराई गईं। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, जिसके बाद युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी जीवनसंगिनी बनाया। इस दौरान युवक के माता-पिता भी मंदिर में मौजूद रहे और दोनों को अपना आशीर्वाद दिया। हालांकि युवती के परिजन इस विवाह के पक्ष में नहीं थे और उन्होंने शादी से इनकार किया।
शादी के बाद रोहित कुमार पासवान ने कहा, "आज के समय में लोग दहेज के लिए वर्षों तक शादी नहीं करते, लेकिन मुझे दहेज की कोई चाह नहीं है। मैंने महज ₹2 के सिंदूर से अपने जीवनसाथी को अपनाया है। प्यार और विश्वास ही सबसे बड़ा धन है।"
फिलहाल मंदिर में हुई यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़े को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
