कटिहार में नकली पुलिस का खेल बेनकाब, असली पुलिस ने किया गिरफ्तार, बैग से मिली वर्दी और बैज
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का मकसद क्या था, क्या वह किसी बड़ी साजिश की तैयारी में था या फिर पुलिसकर्मी बनकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
कटिहार से रतन कुमार की रिपोर्ट-- जिला में असली पुलिस ने खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान कैमूर जिले के रहने वाले सुशील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सुशील कुमार के पास से पुलिस की वर्दी, जूते और बैज बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान उसने खुद को अररिया जिले में तैनात सिपाही बताया लेकिन जब पुलिस ने उसके दावे की जांच की तो पूरी कहानी फर्जी निकली।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सुशील कुमार पिछले कई दिनों से पुलिस लाइन के आसपास क्या कर रहा था, पुलिस को शक है कि वह पुलिस लाइन की रेकी कर रहा था।सूत्रों की मानें तो वह कई दिनों से पुलिस लाइन परिसर में ही रह रहा था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का मकसद क्या था, क्या वह किसी बड़ी साजिश की तैयारी में था या फिर पुलिसकर्मी बनकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल कटिहार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। कटिहार डीएसपी विशाल आनंद ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
