लखीसराय के दूरस्थ इलाकों में लगेंगे चार मोबाइल टावर, 72वीं बीपीएससी परीक्षा केंद्रों पर भी हुई समीक्षा

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर आधारभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

लखीसराय के दूरस्थ इलाकों में लगेंगे चार मोबाइल टावर, 72वीं बीपीएससी परीक्षा केंद्रों पर भी हुई समीक्षा

अभय कुमार अभय की रिपोर्ट:-लखीसराय समाहरणालय में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के दूरस्थ एवं सेवा वंचित क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान, आवंटन एवं स्थानीय समन्वय से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के सुचारु संचालन को लेकर संभावित परीक्षा केंद्रों के चयन पर भी विचार-विमर्श किया गया।

 

बैठक में जानकारी दी गई कि भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय द्वारा लखीसराय जिले में कुल चार मोबाइल टावरों की स्थापना को स्वीकृति दी गई है। इसके तहत हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम के निकट मोरवे डैम के पीछे का क्षेत्र, लटिया भगवा टोला (कोरासी) तथा सतघरवा महाजनवा को संभावित स्थल के रूप में चयनित किया गया है। इन क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगने से स्थानीय लोगों को बेहतर नेटवर्क सुविधा मिलेगी और डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

 

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित स्थलों पर भूमि उपलब्धता, आवश्यक अनुमतियों और अन्य प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधा सुदृढ़ होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच और अधिक प्रभावी होगी।

 

बैठक में बिहार लोक सेवा आयोग की 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिले में 10 संभावित परीक्षा केंद्रों के चयन पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर आधारभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित सभी कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0