NEET घोटाले के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, पैदल मार्च कर पीएम और शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला
आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और केंद्र सरकार इसकी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
धीरज सिन्हा की रिपोर्ट//शेखपुरा. NEET UG 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक, ग्रेस मार्क्स और रिजल्ट में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस ने शुक्रवार को जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंदी कुमार यादव और युवा नेता राहुल कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस आश्रम से पटेल चौक तक पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “NEET में घोटाला बंद करो”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “छात्रों का भविष्य बचाओ” जैसे नारों के साथ मार्च किया। हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
पटेल चौक पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का संयुक्त पुतला दहन किया। इस दौरान युवा नेता राहुल कुमार ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और केंद्र सरकार इसकी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। जिला अध्यक्ष आनंदी कुमार यादव ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर सरकार उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस छात्रों के साथ मिलकर “शिक्षा बचाओ, देश बचाओ” आंदोलन को और तेज करेगी।
मौके पर राजेश रंजन उर्फ गुरु मुखिया, रोशन सिंह, सत्यजीत सिंह, महेंद्र कुशवाहा, पप्पू राज मंडल, गोरेलाल कुशवाहा, आमिर राज मंडल, विपिन चौरसिया और गोल्डन खान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
