पटना पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का BJP पर तीखा हमला-अगर गोरक्षक होते तो कत्लखाने नहीं बढ़ते
उन्होंने घोषणा की कि गाय की रक्षा के लिए उनके उम्मीदवार बिहार की हर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
प्रिया सिंह की रिपोर्ट//पटना- जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शुक्रवार को पटना के महावीर मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा का अनावरण किया।मौके पर श्रायण कुणाल और शांभवी चौधरी की उपस्थिति में गौ सेवा समिति सदस्य पं विकाश पाठक ने शंकराचार्य महाराज जी का पादुका पूजन करवाया। इसके उपरान्त महाराज जी ने गोरक्षा के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला और बड़ा राजनीतिक ऐलान भी किया।
शंकराचार्य ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि "क्या सच में भाजपा गोरक्षक है?" उन्होंने आरोप लगाया कि अगर बीजेपी सच में गोरक्षक होती, तो उनके राज में देश में कत्लखाने और मांस का निर्यात नहीं बढ़ता। उन्होंने प्रधानमंत्री के "दोहरे चरित्र" पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एक तरफ गायों की पूजा करने की तस्वीरें दिखाते हैं, तो दूसरी तरफ गो विरोधियों के बीच निर्यात के आँकड़े पेश करते हैं। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री के इस दोहरे चरित्र को हम स्वीकार नहीं करते हैं।"
उन्होंने कहा कि गोरक्षा के लिए वे आजादी से पहले से ही आवाज उठा रहे हैं, लेकिन हर पार्टी और हर नेता ने गौ-भक्तों को धोखा दिया है। उन्होंने बताया कि वे खुद हर पार्टी के दरवाजे पर गए थे और पूछा था कि "आप बताइए कि आप गाय के पक्ष में हैं या विपक्ष में," लेकिन किसी की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
ऐसी स्थिति में उन्होंने मजबूर होकर राजनीति में उतरने का फैसला किया है। उन्होंने घोषणा की कि गाय की रक्षा के लिए उनके उम्मीदवार बिहार की हर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है और उनके उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उन्हें चुनाव आयोग जो भी चुनाव चिन्ह देगा, उसी पर वे वोट मांगेंगे।
शंकराचार्य ने कहा कि वे अपने उम्मीदवारों के नाम पहले नहीं बताएंगे, क्योंकि वाराणसी लोकसभा चुनाव के दौरान उनके प्रत्याशी को काफी परेशान किया गया था। इस बार उम्मीदवारों के नाम नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सार्वजनिक किए जाएँगे।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने बताया कि उनकी 'गो रक्षा संकल्प यात्रा' कल (शनिवार) से शुरू होगी, जिसकी शुरुआत सीतामढ़ी में माँ जानकी के मंदिर में पूजा करने के बाद की जाएगी। यह यात्रा बिहार के हर जिले में जाकर सनातन धर्मियों से गौ-भक्तों को ही वोट देने की अपील करेगी, ताकि गौ-हत्या को रोका जा सके।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
