फसल चोरी रोकने पहुंचे किसान की गमछे से घोंटकर हत्या, इलाके में सनसनी
इस वारदात के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश और दहशत व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अभिरंजन कुमार/पटना ग्रामीण--पटना जिला अधीन बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के पैठानी चक स्थित तेलिया बागी में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में 50 वर्षीय किसान बिहारी महतो का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनों ने चोरी का विरोध करने पर गमछे से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, बिहारी महतो के खेत से पिछले कुछ दिनों से लगातार बैंगन और परवल की चोरी हो रही थी। आसपास के अन्य किसान भी चोरी की इन घटनाओं से काफी परेशान थे। चोरों को रंगे हाथों पकड़ने और फसल की रखवाली करने के उद्देश्य से बिहारी महतो सोमवार सुबह करीब चार बजे खेत पहुंचे थे।
आशंका जताई जा रही है कि खेत पहुंचते ही उनका सामना चोरों से हो गया। इस दौरान बिहारी महतो ने संभवतः चोरों को पहचान लिया, जिससे दोनों पक्षों में तीखी हाथापाई हुई। खुद को फंसता देख अपराधियों ने बिहारी महतो के ही गमछे से उनका गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गए। अधिक दम घुटने के कारण किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पंडारक थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की वैज्ञानिक छानबीन शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस वारदात के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश और दहशत व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
