पेड़ से लटकी मिली नवविवाहिता की लाश, हत्या या आत्महत्या पुलिस जाां में जुटी,जब्त किया मोबाइल

कॉल डिटेल खंगालने में जुटी,चार महीने पहले हुई थी शादी, प्रेम प्रसंग की भी चर्चा, मौत से मची सनसनी

पेड़ से लटकी मिली नवविवाहिता की लाश, हत्या या आत्महत्या पुलिस जाां में जुटी,जब्त किया मोबाइल

गया से आशीष कुमार की रिपोर्ट -जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनसा गांव में बुधवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत से सनसनी फैल गई। 18 वर्षीय युवती का शव गांव के पास एक बरगद के पेड़ से लटका मिला। शव मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मामला आत्महत्या का है या युवती की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। इस बात की पुलिस जांच कर रही है।

 

मृतका की पहचान मनसा गांव निवासी सोनारिक मांझी की बेटी पुतुल कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र, अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और एसआई इमरान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

 

पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया। पुलिस गांव के लोगों से पड़ताल में जुटी है।

 

चार महीने पहले हुई थी शादी

 

ग्रामीणों के अनुसार पुतुल की शादी करीब चार महीने पहले जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के सिकंदर मांझी से हुई थी। शादी के बाद भी वह अपने मायके आती-जाती थी। सूत्रों की माने तो गांव में उसके एक युवक से प्रेम प्रसंग की चर्चा गांव में जोरो पर भी थी। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है।

 

ग्रामीणों का दबी जुबान से कहना है कि प्रेम प्रसंग को लेकर पुतुल परेशान चल रही थी। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

 

शादी से पहले हादसे में हुई थी मां की मौत

 

ग्रामीणों ने बताया कि पुतुल की शादी की तैयारी के दौरान परिवार पर बड़ा दुख टूटा था। बाजार से सामान खरीदने जाने के दौरान सड़क हादसे में उसकी मां शिविया देवी की मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी पुतुल पर भी आ गई थी।

 

बताया गया कि परिवार में चार बहन और एक भाई हैं। मां की मौत के बाद पुतुल घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाती थी। ऐसे में उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा है।

 

मामा ने लगाया हत्या का आरोप

 

मृतका के मामा मिंटू मांझी ने पुतुल की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पड़ोस के लोगों ने उसकी हत्या की और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया। मामा के आरोप के बाद पुलिस ने इस एंगल से पड़ताल में जुट गई है।

 

हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया युवती के गले में दुपट्टा लगा हुआ था और मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। इसके बावजूद पुलिस हत्या सहित अन्य सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

 

मोबाइल खोलेगा मौत का राज

 

पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। अब उसके कॉल डिटेल और उससे जुड़े मोबाइल लोकेशन की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौत से पहले पुतुल ने किससे बात की थी। वह कहां-कहां गई थी और उसके संपर्क में कौन लोग थे।

घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस वैज्ञानिक तरीके से जांच को आगे बढ़ाने की बात कह रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है।

 

गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर चर्चा तेज

 

घटना के बाद मनसा गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर चर्चा तेज है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि पुतुल बीते कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। इसी परेशानी में उसने यह कदम उठाया होगा। वहीं, परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद मामला संदिग्ध हो गया है।

 

फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। इंस्पेक्टर देवराज इंद्र का कहना है कि अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की जांच और पुलिस की वैज्ञानिक पड़ताल से ही साफ होगा कि 18 वर्षीय नवविवाहिता की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश थी।


Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0