बाबा धर्मदास मेला को राजकीय मेला घोषित करने की दिशा में होगा पहल--डॉ. प्रेम कुमार

विधानसभा अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित कर पूजन महोत्सव का किया शुभारंभ, गुलाब बाग चौक पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे कई विधायक व जनप्रतिनिधि मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद घेराबंदी का लिया गया संकल्प

बाबा धर्मदास मेला को राजकीय मेला घोषित करने की दिशा में होगा पहल--डॉ. प्रेम कुमार

पटना जिला अंतर्गत बाढ़ नगर के गुलाब बाग चौक स्थित मां काली एवं बाबा धर्मदास मंदिर परिसर में संत शिरोमणि बाबा धर्मदास पूजन महोत्सव श्रद्धा और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह, पूर्व एमएलसी आजाद गांधी और विधान पार्षद अनिल ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विधायक डॉ. सियाराम सिंह के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए बाबा धर्मदास मेला को राजकीय मेला घोषित कराने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व विधान पार्षद आजाद गांधी द्वारा बिहार में 'केश कला बोर्ड' के गठन के प्रस्ताव का समर्थन किया और जननायक कर्पूरी ठाकुर के सपनों को साकार करने पर बल दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व एमएलसी आजाद गांधी ने बताया कि नाई समाज और स्थानीय लोगों के लंबे प्रयास के बाद मंदिर परिसर की जमीन को असामाजिक तत्वों के कब्जे से पूरी तरह मुक्त करा लिया गया है।

विकास कार्यों और निर्माण का वादा

कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य लोगों ने मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:

सामुदायिक भवन: स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने मंदिर परिसर में भव्य सामुदायिक भवन और नए मंदिर निर्माण कराने का वादा किया।

बाउंड्रीवॉल: विधान पार्षद अनिल ठाकुर ने परिसर की सुरक्षा के लिए जल्द घेराबंदी (बाउंड्री) कराने का संकल्प लिया।

नगर परिषद का सहयोग: बाढ़ नगर परिषद के अध्यक्ष संजय कुमार उर्फ 'गाय माता' ने विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनसमूह

इस अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ. शिव जतन ठाकुर (पूर्व बीपीएससी सदस्य) ने बाबा धर्मदास के जीवन, उनकी विद्वता और सामाजिक समरसता के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत लोकगायक मृत्युंजय शर्मा की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को बांधे रखा। मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।


Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें

What's Your Reaction?

like
1
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0