रफ्तार के कहर ने रोकी हाईवे पेट्रोल कार-112 की रफ्तार, फोरलेन पर खड़ी कार को थार ने मारी भीषण टक्कर
बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी,फोरलेन पर बढ़ती तेज रफ्तार एक बार फिर सवालों के घेरे में हैlजब सुरक्षित माने जाने वाले फोरलेन पर खड़ी पुलिस की गाड़ी भी सुरक्षित नहीं है, तो आम राहगीरों की सुरक्षा का क्या होगा l
मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर बेलगाम रफ्तार एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बनते-बनते रह गई। मंगलवार को बिहारीबीघा टोल टैक्स के पास सरहन गांव के समीप एक तेज रफ्तार थार ने सड़क किनारे खड़ी हाईवे पेट्रोल कार-112 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद पेट्रोल कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस भीषण भिड़ंत में सब इंस्पेक्टर समेत मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
जांच के दौरान बेकाबू हुई थार
मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को सब इंस्पेक्टर नितेश कुमार के नेतृत्व में हाईवे पेट्रोल कार-112 की टीम फोरलेन पर रूटीन जांच-पड़ताल में जुटी थी। सरहन गांव के सामने बिहारीबीघा टोल टैक्स के नजदीक पुलिस वाहन सड़क के किनारे खड़ा था। इसी बीच बिहारीबीघा गांव की ओर से आ रही थार तेज गति में वहां पहुंची और संतुलन खोते हुए सीधे पुलिस की गाड़ी में पीछे से जा भिड़ी।
बाल-बाल बचे जवान, कार का पिछला हिस्सा चकनाचूर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेट्रोल कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे के वक्त वाहन में सब इंस्पेक्टर नितेश कुमार के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी सवार थे। अचानक हुए इस हमले और जोरदार टक्कर से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी कर्मियों ने किसी तरह खुद को संभाला और बड़ी अनहोनी टल गई। हादसे में सब इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
थार जब्त, चालक हिरासत में और मालिक की तलाश तेज
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टक्कर मारने वाली थार को अपने कब्जे में ले लिया।पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत राय ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने थार को जब्त कर लिया है, जबकि चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही वाहन के वास्तविक मालिक का भी पता लगाया जा रहा है ताकि रफ्तार के इस लापरवाह कारनामे के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
