OLX पर iPhone बेचने के बहाने पटना में लूट, नोएडा से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के दिन ही लूटी गई बाइक बरामद कर ली थी। पुलिस टीम इस मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि हर्ष राज लगातार फरार चल रहा था l
पटना--ऑनलाइन प्लेटफॉर्म OLX पर सस्ता iPhone बेचने का लालच देकर लूटपाट करने वाले गिरोह के एक और शातिर आरोपी को पटना पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी हर्ष राज उर्फ आदित्य उर्फ लंगा, बिहार के नवादा जिले का निवासी है। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर पटना लेकर आई, जहां अदालत में पेशी के बाद उसे बेउर जेल भेज दिया गया।
यह सनसनीखेज वारदात 25 दिसंबर 2025 की है। पीड़ित शकील आलम ने OLX पर iPhone 14 Pro Max खरीदने के लिए आरोपियों से संपर्क किया था। जालसाजों ने सौदे की बात पक्की करने के बहाने शकील को पीरबहोर थाना क्षेत्र के कृष्णाघाट मोड़ बुलाया। इसके बाद आरोपी उसे बहला-फुसलाकर साइंस कॉलेज परिसर के सुनसान इलाके में ले गए। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने पिस्टल तान दी और पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए उसका कीमती मोबाइल और बाइक लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के दिन ही लूटी गई बाइक बरामद कर ली थी। पुलिस टीम इस मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि हर्ष राज लगातार फरार चल रहा था।
तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर पटना पुलिस ने नोएडा में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह ऑनलाइन शॉपिंग ऐप्स के जरिए लोगों को सस्ते गैजेट्स का झांसा देकर सुनसान जगहों पर बुलाता था और हथियार के बल पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
