सरमेरा में सनसनी- शादीशुदा रिश्तेदार ने नाबालिग को घेरा, विरोध करने पर सरेराह जबरन भरी मांग, आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही धर-दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अविनाश पांडे/नालंदा--सरमेरा थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी और जबरन मांग में सिंदूर भरने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रसाद देने के बहाने बुलाया था बाजार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखपुरा जिले के मेहुस (माफी गांव) निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। आरोपी पहले से शादीशुदा है और पीड़िता का दूर का पारिवारिक रिश्तेदार है। संजय ने नाबालिग को बाबा धाम का प्रसाद देने के बहाने बाजार बुलाया था। वहां उसने पीड़िता के सामने एकतरफा प्यार का प्रस्ताव रखा। जब लड़की ने इसका कड़ा विरोध किया, तो उसने आपा खो दिया और सरेराह जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग, आरोपी दबोचा गया
अचानक हुई इस घटना से सहमी नाबालिग ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को दबोच लिया। सूचना मिलते ही सरमेरा थानाध्यक्ष सकेंद्र कुमार बिंद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लिया।
थानाध्यक्ष का बयान:
"मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।"
घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों ने लड़की की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
