तीसरी कक्षा की छात्रा से कथित छेड़छाड़ का आरोप, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज , जांच में जुटी पुलिस
आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाई के दौरान शिक्षक ने छात्रा के साथ आपत्तिजनक हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के बाद छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी।
सुपौल-- जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनापट्टी पंचायत के सखुआ गांव स्थित मध्य विद्यालय सखुआ से एक गंभीर एवं शर्मशार करने वाला मामला सामने आया है। विद्यालय में पदस्थापित प्रखंड शिक्षक देवनन्दन मेहता पर तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करने और गलत जगह छूने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा और आक्रोश का माहौल हैl
बताया जा रहा है कि घटना 29 सितंबर 2026 की है। आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाई के दौरान शिक्षक ने छात्रा के साथ आपत्तिजनक हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के बाद छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन गुरुवार को विद्यालय पहुंचे और मामले को लेकर हंगामा किया। इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा घटना की सूचना पिपरा थाना पुलिस को दी गईl
सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आरोपी शिक्षक देवनन्दन मेहता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पिपरा थाना कांड संख्या 355/26 दर्ज किया गया है।आरोपी शिक्षक को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। छात्रा के बयान, परिजनों के आरोप और घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले की सच्चाई जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगी ।
वहीं मध्य विद्यालय सखुआ के प्रभारी प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी कुमारी ने मीडिया से बातचीत में कही कि विद्यालय में इस तरह की कोई घटना उनके संज्ञान में नहीं हुई है।
अब पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है ?
पिपरा थाना अध्यक्ष किशोर कुमार मंडल ने बताया कि परिजन की ओर से पिपरा थाना में आवेदन दिया गया है आवेदन के आलोक में कांड संख्या 355/ 26 दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट : प्रमोद विश्वास
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
