अथमलगोला के लिए ब्लैक संडे, दो हादसों में 5 की मौत, 3 पीएमसीएच रेफर
अज्ञात वाहन की चपेट में आए बीमा कर्मी ने तोड़ा दम, परिजनों में कोहराम ,अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस, सभी शवो का बाढ़ में हो रहा पोस्टमार्टम
पटना (प्रिया सिंह की रिपोर्ट)-जिला अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इन घटनाओं में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल एक बीमा कंपनी कर्मी की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अथमलगोला थाना क्षेत्र निवासी पंकज कुमार (40) के रूप में हुई है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देर रात घर लौटते समय हुआ हादसा
इस संबंध में जानकारी देते हुए अथमलगोला थाना के एसआई मो. मुश्ताक ने परिजनों के हवाले से बताया कि पंकज कुमार एक बीमा कंपनी में कार्यरत थे। शनिवार की देर रात वह बाइक से अपने कार्यस्थल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बख्तियारपुर-मोकामा पुरानी बाईपास मार्ग पर एक तेज रफ्तार व अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पंकज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए पटना ले जाया गया, जहां इलाज के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया।
इलाके में शोक की लहर, पुलिस कर रही छानबीन
पंकज कुमार अपने परिवार के भरण-पोषण का मुख्य सहारा थे। उनके निधन से पत्नी, बच्चों समेत अन्य परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आसपास के लोग व परिचित शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान तथा उसकी तलाश में जुटी है।
थाना क्षेत्र में पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा
ज्ञातव्य हो कि अथमलगोला थाना क्षेत्र में ही रविवार की अहले सुबह एक अन्य भीषण सड़क हादसा हुआ था। बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर सबनिमा स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप बारात से लौट रही एक स्कॉर्पियो को अनियंत्रित हाईवा ने टक्कर मार दी थी। उस दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं व चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच (PMCH) रेफर किया गया है। लगातार हुए इन हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
