डीजे और अवांछित गानों पर पूर्ण प्रतिबंध, लाउडस्पीकर का प्रयोग निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर ही करना होगा।-- थानाध्यक्ष अथमलगोला
अथमलगोला में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन सख्त थानाध्यक्ष ने 14 पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, दिए कई निर्देश
आगामी शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से अथमलगोला थाना पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में, थानाध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर कुल 14 पूजा पंडालों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान पंडाल निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक गाइडलाइन की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के बाद थानाध्यक्ष ने सभी पूजा समितियों के अध्यक्षों, सचिवों और सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्रशासन की ओर से सभी पूजा समितियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैंl जिसके अनुसार क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस लेना कानूनी रूप से अनिवार्य है। बिना अनुमति के पंडाल संचालित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित समयावधि के अंदर ही मूर्तियों का विसर्जन पूरी पाबंदी के साथ संपन्न करना होगा।पंडालों में आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम, पर्याप्त रोशनी और भीड़ नियंत्रण के लिए मजबूत बैरिकेडिंग लगानी होगी।हर पंडाल में समितियों को अपने वालंटियर्स तैनात करने होंगे। इसके अलावा, सुरक्षा के मद्देनजर पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है।डीजे और अवांछित गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा लाउडस्पीकर का प्रयोग निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर ही करना होगा।थानाध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत ने पूजा समितियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, तो पुलिस उससे सख्ती से निपटेगी। इस निरीक्षण अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्ट प्रिया सिंह
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
