रिसेप्शन में फोटोशूट के क्रम में स्टेज पर गिरा दूल्हा, 24 घंटे में उजड़ गया सुहाग, मातम में बदली शादी की खुशियां

पटना में थे पदस्थापित, जिस दुल्हन ने अभी नई जिंदगी की शुरुआत की थी उसके हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि मांग का सिंदूर उजड़ गया।

रिसेप्शन में फोटोशूट के क्रम में स्टेज पर गिरा दूल्हा, 24 घंटे में उजड़ गया सुहाग, मातम में बदली शादी की खुशियां

कटिहार से रतन कुमार की रिपोर्ट // जिला में शादी की खुशियां महज 24 घंटे के भीतर मातम में बदल गईं। जिस घर में एक दिन पहले शहनाई बज रही थी वहां अगले ही दिन चीख-पुकार मच गई। रिसेप्शन पार्टी में दूल्हा-दुल्हन के साथ फोटोशूट चल रहा था। तस्वीरें खिंचवाने के बाद दूल्हा अचानक स्टेज पर ही जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। इस घटना के बाद शादी समारोह में शामिल लोग और पूरा गांव सदमे में है।

घटना कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया बाजार वार्ड नंबर 13 की है। मृतक की पहचान डॉक्टर पवन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर पवन कुमार पटना में पदस्थापित थे और मूल रूप से पोठिया बाजार के रहने वाले थे। उनकी शादी 25 नवंबर को पड़ोस के ही चांदपुर गांव में हुई थी। शादी के बाद 26 नवंबर को घर में दूल्हा-दुल्हन के स्वागत के लिए भव्य रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया था। इस समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, दोस्त और स्थानीय लोग शामिल हुए थे। सबकुछ हंसी-खुशी चल रहा था। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मेहमानों के साथ फोटो खिंचवा रहे थे।

इसी दौरान फोटोशूट खत्म होने के बाद अचानक डॉक्टर पवन स्टेज पर ही गिर पड़े। कुछ देर पहले तक मुस्कुराते नजर आ रहे दूल्हे को इस हालत में देखकर समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए पूर्णिया ले जाने की सलाह दी। लेकिन पूर्णिया ले जाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक आशंका गंभीर कार्डियक अटैक की जताई जा रही है हालांकि मौत के वास्तविक कारण की मेडिकल पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। जिस दुल्हन ने अभी नई जिंदगी की शुरुआत की थी उसके हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि मांग का सिंदूर उजड़ गया। महज 24 घंटे पहले शादी की खुशियां मनाने वाला गांव अब इस असमय मौत से गमगीन है।


Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0