नालंदा पुलिस का बड़ा एक्शन- महासमकालीन अभियान में 85 गिरफ्तार, 630 वारंटों का निष्पादन
रहुई थाना क्षेत्र से हुई सर्वाधिक 22 गिरफ्तारियां, अवैध हथियार, कारतूस, वाहन और 127 लीटर देशी शराब बरामद
नालंदा पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पूरे जिले में चलाए गए विशेष महासमकालीन अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गंभीर अपराधों में वांछित अपराधियों की धरपकड़, वाहन जांच, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन के लिए चलाए गए इस जिलेव्यापी अभियान में कुल 85 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 को निरुद्ध किया गया है।
इस अभियान के दौरान रहुई थाना पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में सर्वाधिक 22 अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेजा।
गंभीर अपराधों और वारंटियों पर शिकंजा
थानाध्यक्ष ललित विजय के अनुसार, विभिन्न गंभीर शीर्षों के तहत की गई कार्रवाई में हत्या के प्रयास के मामलों में 07 और आर्म्स एक्ट के कांड में 01 अभियुक्त की गिरफ्तारी हुई है। वहीं, 48 अभियुक्तों को वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। लंबे समय से लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के तहत पुलिस ने रिकॉर्ड 630 वारंटों और 40 कुर्की का सफलतापूर्वक निष्पादन किया।
शराब तस्करी और अवैध असलहों पर प्रहार
अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में 26 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने 127 लीटर देशी चुलाई शराब और 0.18 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इसके अतिरिक्त, छापेमारी के दौरान 01 देशी कट्टा, 02 जिंदा कारतूस, 04 मोटरसाइकिल, चोरी का सामान और 01 तीन पहिया साइकिल बरामद की गई है।
सघन वाहन जांच से वसूला ₹57,500 जुर्माना
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन वाहन चेकिंग चलाई गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 40 वाहनों से कुल ₹57,500 की जुर्माना राशि वसूल की गई।
प्रिया सिंह की रिपोर्ट
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
