दुर्गा पूजा के मद्देनजर अथमलगोला में पुलिस का फ्लैग मार्च, थानाध्यक्ष ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की
पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। यदि कोई भी व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने या किसी प्रकार का खलल डालने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर अथमलगोला थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से अथमलगोला थाना पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों, संवेदनशील चौराहों और पूजा पंडाल वाले इलाकों से होकर गुजरा।
इस फ्लैग मार्च की अगुवाई अथमलगोला थानाध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत ने की। फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान और गृह रक्षा वाहिनी के बल शामिल थे। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने क्षेत्र के नागरिकों को यह संदेश दिया कि पर्व-त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

थानाध्यक्ष ने कहा कि दुर्गा पूजा श्रद्धा, भक्ति और सौहार्द का महान पर्व है। अथमलगोला की जनता सदैव शांतिप्रिय रही है। पुलिस का मुख्य ध्येय यह सुनिश्चित करना है कि सभी नागरिक बिना किसी डर या संकोच के खुशी-खुशी इस त्योहार को मनाएं।पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। यदि कोई भी व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने या किसी प्रकार का खलल डालने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सभी पूजा समितियों से अनुरोध है कि वे गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करें, पंडालों में भीड़ नियंत्रण एवं सीसीटीवी की समुचित व्यवस्था रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आइए, हम सब मिलकर इस उत्सव को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व के दौरान सभी प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही लगातार गश्ती (पेट्रोलिंग) बढ़ाई गई है ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस का सहयोग करें।
रिपोर्ट प्रिया सिंह
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
