मननपुर बाजार सहित विभिन्न दुर्गा मंदिरों में निकली बेलभरनी जुलूस, जय दुर्गे के नारों से गूंजा इलाका
पिंकी कुशवाह, दिनेश यादव और बेबी देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर जुलूस को किया रवाना
अभय कुमार अभय की रिपोर्ट /लखीसराय जिले के चानन प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। शनिवार की देर शाम मननपुर बाजार, लाखोचक, बन्नूबगीचा सहित विभिन्न दुर्गा मंदिरों में बेलभरनी को लेकर भव्य जुलूस निकाली गई। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोल-बाजे और डीजे की धुन पर श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
मननपुर बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में बेलभरनी जुलूस का शुभारंभ भाजपा नेत्री सह भाजपा बंगाल प्रभारी पिंकी कुशवाह, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि दिनेश यादव एवं पंचायत समिति सदस्य बेबी देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद जुलूस को मंदिर परिसर से रवाना किया गया।
जुलूस में शामिल श्रद्धालु हाथों में लाल पताका लेकर चल रहे थे। ढोल-बाजे और डीजे की धुन के बीच श्रद्धालु 'जय दुर्गे' के नारे लगा रहे थे। जुलूस को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। महिला-पुरुष और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मननपुर बाजार के अलावा लाखोचक और बन्नूबगीचा सहित अन्य दुर्गा मंदिरों में भी बेलभरनी को लेकर धार्मिक आयोजन किए गए। नवरात्र के अवसर पर मंदिरों में पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। दुर्गा पूजा को लेकर स्थानीय पूजा समितियों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
