गया में 200 एकड़ जमीन व 76 संपत्तियों के कथित साम्राज्य पर EOU की बड़ी कार्रवाई, गया से झारखंड तक छापेमारी
अब इस कार्रवाई में कितनी संपत्ति का खुलासा होता है और कथित जमीन सिंडिकेट से जुड़े किन लोगों के नाम सामने आते हैं, इस पर सबकी नजर है।
गया से आशीष कुमार की रिपोर्ट//जिला में जमीन के कारोबार से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। करीब 200 एकड़ जमीन और 76 संपत्तियों के कथित साम्राज्य को लेकर आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार तड़के गया से झारखंड तक 5 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की गई। कार्रवाई गया के चर्चित सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के खिलाफ की गई है।
EOU को मिली शिकायत के मुताबिक, भगत यादव पर जमीन पर जबरन कब्जा, रंगदारी और आपराधिक गठजोड़ के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जांच में यह भी दावा किया गया है कि संपत्तियां सीधे अपने नाम पर खरीदने के बजाय पत्नी सुनीता देवी, बेटे आर्यन कुमार और करीबियों के नाम पर खरीदी गईं।
जांच एजेंसी के सामने 76 संपत्तियों का ब्योरा आया है। इनकी खरीद-बिक्री वर्ष 2014 से 2026 के बीच हुई बताई जा रही है। संपत्तियों का नेटवर्क गया के डोभी, शेरघाटी, बोधगया, बाराचट्टी और बजौरा से लेकर राजधानी पटना तक फैला है। दस्तावेजों में बोधगया में दो फ्लैट और पटना में एक बड़े फ्लैट का भी जिक्र है। इसके अलावा बोधगया-शेरघाटी हाईवे किनारे कई एकड़ जमीन की खरीद के दस्तावेज मिले हैं।
इस मामले में Ananya Crops India Pvt Ltd नाम की कंपनी की भूमिका भी जांच के घेरे में है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी के जरिए अवैध कमाई को वैध रूप देने का प्रयास किया गया। वहीं, भूदान, यज्ञ समिति और सरकारी सीलिंग की जमीन पर कब्जे के आरोप भी लगाए गए हैं।
भगत यादव का आपराधिक इतिहास भी EOU खंगाल रही है। शिकायत के अनुसार, बिहार और झारखंड के अलग-अलग थानों में अपहरण, रंगदारी और जमीन कब्जे से जुड़े 23 मामले दर्ज हैं। इनमें गया के टिकारी, रामपुर, बोधगया, बाराचट्टी, शेरघाटी और डोभी के अलावा झारखंड के बोकारो और धनबाद के मामले भी शामिल हैं।
फिलहाल EOU की टीमें छापेमारी के दौरान मिले जमीन के दस्तावेज, बैंक खातों के लेनदेन, कंपनी की बैलेंस शीट और आय के स्रोतों की जांच कर रही हैं। अब इस कार्रवाई में कितनी संपत्ति का खुलासा होता है और कथित जमीन सिंडिकेट से जुड़े किन लोगों के नाम सामने आते हैं, इस पर सबकी नजर है।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
