पटना में कथित शराब पार्टी के बाद चार लोगों की मौत, जहरीली शराब की आशंका से मचा हड़कंप।
बेढ़ना गांव में एक साथ बिगड़ी थी चारों की तबीयत; बाढ़ अस्पताल से पीएमसीएच रेफर किए गए थे, इलाज के दौरान मौत,ग्रामीण एसपी ने की पुष्टि l
अभिरंजन कुमार की रिपोर्ट-पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेढ़ना गांव में शराब पार्टी के बाद चार लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों की पहचान पंकज कुमार, निशु कुमार, विकास कुमार और शशि कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों ने एक साथ कथित रूप से शराब का सेवन किया था। इसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और देखते ही देखते चारों बेहोश हो गए।घटना के बाद परिजन आनन-फानन में सभी को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
शराब पीने के बाद बिगड़ी थी हालत।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चारों युवक एक साथ शराब पार्टी में शामिल हुए थे। शराब का सेवन करने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद चारों एक-एक कर बेहोश हो गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया था।
जहरीली शराब की आशंका
चार लोगों की एक साथ मौत के बाद इलाके में जहरीली शराब को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि शराब के सेवन के बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ी। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।हालांकि ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुंदन कुमार ने चार लोगों के मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस गहनता से मामले की जांच में जुटी हुई हैl
पुलिस खंगाल रही शराब पार्टी की पूरी कड़ी।
चार लोगों की मौत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चारों ने शराब का सेवन कहां किया था, शराब किसने उपलब्ध करायी थी और शराब में किसी तरह की मिलावट तो नहीं थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाल रही है।फिलहाल चार मौतों ने इलाके में शराबबंदी के बीच शराब की उपलब्धता और उसकी गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पूरी तस्वीर साफ होगी।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
