खाद की कालाबाजारी करने वालों एवं बिजली बिल में गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने 'समाधान यात्रा' के क्रम में अररिया जिले में विकास योजनाओं का लिया जायजा

खाद की कालाबाजारी करने वालों एवं बिजली बिल में गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें- मुख्यमंत्री
खाद की कालाबाजारी करने वालों एवं बिजली बिल में गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें- मुख्यमंत्री
प्रिया सिंह की रिपोर्ट//पटना- मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज 'समाधान यात्रा के क्रम में अररिया जिलान्तर्गत रानीगंज प्रखंड के खरहट पंचायत का भ्रमण कर सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने भ्रमण के क्रम में हर घर पक्की गली नाली निर्माण, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, हर घर तक नल का जल सहित अन्य विकासात्मक कार्यों का जायजा लिया। कृषक हित समूह जलपरी जीविका महिला मत्स्य उत्पादक समूह द्वारा तालाब में किये जा रहे मत्स्य पालन, बत्तख पालन का भी मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। बायोफ्लॉक तकनीक से जीविका दीदियों द्वारा किये जा रहे मत्स्य पालन का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री को लाभार्थी जीविका दीदी श्रीमती वंदना देवी ने बत्तख पालन एवं मछली पालन से हो रहे लाभ एवं जीविका समूह से जुड़ने के बाद जीवन स्तर में आये बदलाव की जानकारी दी। स्थानीय लोगों की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि खाद की कालाबाजारी करने वालों एवं बिजली बिल में गड़बड़ी करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें मिली हैं, उसकी जांच कर गड़बड़ करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लें। मुख्यमंत्री ने जैविक सह सूक्षम सिंचाई आधारित तकनीक के माध्यम से की जा रही बैगन, लहसुन, फूलगोभी, शिमला मिर्च, पालक आदि सब्जियों की खेती का जायजा लिया। बिहार महादलित विकास मिशन अंतर्गत संचालित संजुला किशोरी समूह, (बदरी ऋषि देव टोला) खरहट की बालिकाओं से मुख्यमंत्री ने संवाद किया। आंगनबाड़ी केंद्र के पास दिव्यांगजनों को मुख्यमंत्री ने बैट्री चालित ट्राई साइकिल की चाबी प्रदान की। मुख्यमंत्री अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना एवं मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को भी चेक प्रदान किया गया। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत निर्मित इज्जत घर (शौचालय) की चाबी भी लाभुकों को प्रदान की गयी।
मुख्यमंत्री ने रानीगंज प्रखंड के मोहनी पंचायत का भी भ्रमण किया। मोहनी पंचायत में हर घर नल का जल, हर घर तक पक्की गली नाली निर्माण सहित सरकार द्वारा दी गयी जन सुविधाओं एवं चलाई जा रही विकास योजनाओं का मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। बिहार कोशी बेसिन विकास परियोजना अंतर्गत पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के तालाबों में की जा रही मखाने की खेती, मत्स्य पालन, बत्तख पालन का मुख्यमंत्री ने मुआयना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मखाना वाशिंग ड्रम, मखाना हार्वेस्टिंग ड्रम, मखाना इलरिंग मशीन आदि के संबंध में लाभार्थी श्री प्रधान बेसरा एवं श्री लक्ष्मण बेसरा से विस्तृत जानकारी ली। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग अंतर्गत यांत्रिक एरेटर का बटन दबाकर मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया। कृषि सचिव श्री एन० सरवन कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि यांत्रिक एरेटर के माध्यम से तालाबों में ऑक्सीजन सर्कुलेट कराया जाता है। यांत्रिक एरेटर तालाब के जल में ऑक्सीजन लेबल को मेंटेन रखता है। इससे मछलियों का तेजी से विकास होता है। मुख्यमंत्री कुशल श्रमिक उद्यमी कलस्टर योजना अंतर्गत स्थापित मेसर्स एम०बी० मखाना कलस्टर में लगे थ्रेसिंग मशीन, मखाना पैकेजिंग आदि का मुख्यमंत्री ने मुआयना किया। मेसर्स एम०बी० मखाना कलस्टर के अध्यक्ष श्री प्रधान बेसरा ने मखाना उत्पादन की प्रक्रिया के विषय में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां मखाना विकास का बेहतर तरीके से कार्य किया जा रहा है आपलोग बहुत ही अच्छे ढंग से मखाने के उत्पादन से लेकर उसकी पैकेजिंग का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग के तहत मुस्लिम परित्यक्ता/तालकशुदा महिला सहायता योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। छात्राओं ने मुख्यमंत्री के आगमन पर स्वागत गान प्रस्तुत किया। भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकार से उनकी अपेक्षाओं के विषय में भी अवगत हुए। जन समस्याओं के यथाशीघ्र समाधान हेतु मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन सह सूचना एवं जन संपर्क मंत्री श्री संजय कुमार झा, शिक्षा मंत्री सह अररिया जिले के प्रभारी मंत्री श्री चंद्रशेखर, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, आपदा प्रबंधन मंत्री श्री शाहनवाज, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो० जमा खान, विधायक श्री अचमित ऋषिदेव, विधायक श्री आबिदुर रहमान, मुख्य सचिव श्री आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक श्री आर०एस० भट्टी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, कृषि सचिव श्री एन0 सरवन कुमार, सचिव समाज कल्याण श्री प्रेम सिंह मीणा, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण के सचिव श्री देवेश सेहरा, आयुक्त पूर्णिया प्रमंडल श्री मनोज कुमार, पुलिस महानिरीक्षक पूर्णिया प्रक्षेत्र श्री सुरेश प्रसाद चौधरी, जिलाधिकारी अररिया श्रीमती इनायत खान, पुलिस अधीक्षक अररिया श्री अशोक कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Click Here To Read More

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
1
sad
0
wow
0