मामूली विवाद में धारदार हथियार से मच्छर के गले पर वार, गंभीर हालत में पटना रेफर
इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है l
अथमलगोला थाना क्षेत्र में मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में एक व्यक्ति पर धारदार वस्तु से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार,थाना क्षेत्र के फूलेलपूर निवासी सुगंबर पासवान मच्छर साव के दालान में बैठ कर बात कर रहे थे l इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुगंबर पासवान ने मच्छर साव के गले पर किसी धारदार वस्तु से वार कर दिया। हमले में मच्छर साव बुरी तरह ज़ख्मी होकर गिर पड़े।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल मच्छर साव को इलाज के लिए अथमलगोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत पटना रेफर कर दिया। फिलहाल ज़ख्मी व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत ने बताया कि विवाद का असली कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मामले को लेकर फिलहाल परिजनों या पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन (शिकायत) प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
रिपोर्ट प्रिया सिंह
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
