अथमलगोला के बहादुरपुर पंचायत में दो सोलर स्ट्रीट लाइट कई दिनों से बंद रहने से अंधेरे में आने-जाने को मजबूर ग्रामीण
पोल पर दर्ज सर्विस नंबर भी हमेशा बंद, ग्रामीणों ने विभाग की कार्यशैली पर उठाए सवाल, बीपीआरओ बोलीं- एजेंसी से बात कर दो से तीन दिनों में होगी मरम्मत
पटना जिले के अथमलगोला प्रखंड अंतर्गत बहादुरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 8 एवं 9 में पंचायती राज विभाग के माध्यम से हाल ही में लगाई गई दो ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट पिछले कई दिनों से खराब पड़ी हैं। दोनों लाइटों के बंद रहने से रात होते ही संबंधित स्थानों पर अंधेरा छा जाता है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि जिस उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी, वह उद्देश्य फिलहाल अधूरा नजर आ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, इन स्ट्रीट लाइटों को लगाए अभी अधिक समय नहीं हुआ है, लेकिन करीब 15 से 20 दिनों से दोनों लाइटें पूरी तरह बंद हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक इनकी मरम्मत नहीं कराई गई।
सबसे बड़ी परेशानी यह है कि पोल पर अंकित सर्विस एवं रिपेयरिंग के लिए दिया गया मोबाइल नंबर भी लगातार स्विच ऑफ मिल रहा है। इससे लोग शिकायत तक दर्ज नहीं करा पा रहे हैं और समस्या जस की तस बनी हुई है।
रात के समय वार्ड संख्या 8 एवं 9 के संबंधित स्थानों पर घना अंधेरा रहने के कारण राहगीरों को आवागमन में कठिनाई होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण दुर्घटना और आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उनका आरोप है कि यदि समय पर खराबी दूर कर दी जाती तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
इस संबंध में बहादुरपुर पंचायत के मुखिया नगीना प्रसाद गुप्ता ने बताया कि दोनों सोलर स्ट्रीट लाइट खराब होने की जानकारी उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि इस मामले से प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) को अवगत करा दिया गया है और जल्द मरम्मत कराने का अनुरोध किया गया है।
वहीं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अथमलगोला (बीपीआरओ) श्रीमती दीवा श्री ने बताया कि मुखिया की ओर से वार्ड संख्या 8 एवं 9 में दो सोलर स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित एजेंसी से संपर्क कर लिया गया है तथा दो से तीन दिनों के भीतर दोनों स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराकर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
पोल पर अंकित सर्विस नंबर लगातार स्विच ऑफ रहने के सवाल पर बीपीआरओ ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि यदि विभाग या एजेंसी की ओर से सर्विस नंबर जारी किया गया है तो वह कार्य दिवस और कार्यालय समय में चालू रहना चाहिए। यदि नंबर लगातार बंद मिल रहा है तो यह सेवा व्यवस्था में कमी है। इस मामले से भी विभाग को अवगत कराया जाएगा ताकि संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय हो सके और भविष्य में शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
Click Here To Read More ,खबर को पढ़ने के लिए क्लिक करें
What's Your Reaction?
